रेवती। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने सोमवार को थाना के दो एसआई व चार आरक्षियों को लाइन हाजिर कर दिया। इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक ने बीते सप्ताह दो बार में चार आरक्षियों को निलंबित किया था। पुलिस अधीक्षक द्वारा अभी तक रेवती थाने के दो दरोगा सहित दस पुलिसकर्मियों को निलंबित और लाइन हाजिर किया जा चुका है।
बताया जाता है कि नगर के वार्ड नंबर 10 निवासी सोनू पांडेय द्वारा कुछ दिनों पहले फेसबुक के माध्यम से क्षेत्र में हो रही बाइक चोरियों का कनेक्शन एक मुख्य आरक्षी से जुड़े होने का आरोप लगाया गया था। यह मामला जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इसका संज्ञान लेते हुए एसपी ने इसकी जांच सीओ बैरिया को सौंपी। जांच अभी चल रही थी कि रेवती थाने पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने आरोपी मुख्य आरक्षी सहित तीन को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद एसपी ने तीन दिनों बाद ही एक और आरक्षी को सस्पेंड कर दिया। सोमवार को एसपी ने एक बार फिर थाने के दो एसआई व चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इसको लेकर थाने में हड़कंप मचा हुआ है।