प्राथमिक विद्यालय पिपरा कलां में विद्यालय में लगा बारिश का पानी।
- फोटो : BALLIA
मानसून का असर गुरुवार को दूसरे भी जारी रहा। आसमान में घटाएं छाई रहीं और पूरे दिन रुक-रुक रिमझिम बारिश भी होती रही। बारिश के चलते नगर के कई मार्गों पर कीचड़ व जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, खरीफ की खेती को लेकर किसानों में खुशी है।
देर से ही सही लेकिन मानसून के जोरदार दस्तक का असर गुरुवार को दूसरे दिन भी जिले में जारी रहा। आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहे और रुक-रुक रिमझिम बारिश होती रही। हालांकि दोपहर बाद से बारिश तो थम गया लेकिन आसमान में बादल ज्यों के त्यों रहे। इसके चलते लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। उधर, बारिश के चलते नगर के आनंद नगर, टैगोर नगर, आवास विकास, श्रीराम बिहार, एनसीसी तिराहा, पुलिस लाइन, जेल रोड आदि मार्गों पर कीचड़ व जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मानसूनी बारिश से किसानों के लिए खरीफ की खेती आसान हो जाएगी।
नरहीं मानसून थोड़ा कमजोर पड़ गया था लेकिन बुधवार और गुरुवार की सुबह भारी बारिश ने खेतों, ताल, तलैया को पानी से भर दिया। चारों तरफ जल दिखाई देने लगे। गुरुवार की सुबह नरहीं थाने के पास शीशम का पेड़ जड़ से उखड़ कर एनएच 31 पर गिर गया जिससे दोनों तरफ आवागमन ठप हो गया। चूंकि पेड़ थाने के पास गिरा था लिहाजा पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और बीस मिनट में ही आवागमन बहाल हो गया। पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट कर सड़क पर आ गए थे। दो दिन से हो रही झमाझम बारिश किसानों के लिए काफी फायदेमंद बताया जा रहा है तथा किसानों ने अपना रूख खेतों की तरफ कर दिया है।