बिना टिकट यात्रा कराने के मामले में जांच पूरी होने के बाद बलिया डिपो के सात परिचालकों को क्षेत्रीय प्रबंधक ने बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही 10 गुना जुर्माना भी वसूलने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले दो दिनों में हुई इस कार्रवाई से रोडवेज कर्मियों में हड़कंप मचा है।
लगभग एक वर्ष पहले बलिया डिपो के सात परिचालक आकस्मिक निरीक्षण में बसों में बिना टिकट यात्रियों को यात्रा कराते हुए पकड़े गए थे। प्रकरण की जांच एआरएम को सौंपी गई थी। एआरएम ने अपनी जांच पूरी करने के बाद रिपोर्ट क्षेत्रीय प्रबंधक आजमगढ़ को सौंप दी थी। जांच में सातों परिचालकों को बिना टिकट यात्रा कराने का दोषी पाया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक विनय कुमार सिंह ने पिछले दो दिनों में सातों परिचालक राजीव कुमार, रणजीत सिंह, शशिकांत, मंजय, संजय, मुकेश, अभिषेक को बर्खास्त कर दिया है। साथ ही 10 गुना जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए हैं। अकांटेट महेश पांडेय ने बताया कि सातों परिचालकों को बर्खास्त कर दिया गया है।