सीडीपीओ पर घूस लेने का लगाया आरोप
तुलसी छपरा निवासिनी सोनमती देवी पत्नी उमाशंकर विद्युत संबंधित शिकायत किया। वहीं धतूरी टोला निवासी रणविजय सिंह, दया छपरा निवासी शैलेश कुमार यादव, भीखा छपरा निवासी दशरथ वर्मा, भोपाल पुर निवासी अमरजीत यादव, मुरारपट्टी निवासी संजय पाठक, शेषमणी पाठक ने भूमि सम्बंधित मामला उठाया।
गंगापुर सुरेमनपुर निवासी ओमप्रकाश तिवारी ने सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से दुर्जनपुर तीन किमी जर्जर सड़क मार्ग का मामला उठाया। शिवपुर लालगंज निवासी उदित पाठक ने लो वोल्टेज का मुद्दा उठाया।हृदयपुर मुरार पट्टी निवासी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्ञानती देवी ने अपने सीडीपीओ पर तीन हजार रुपये घूस लेने सहित कई गंभीर आरोप लगाए।
सहायिका लक्ष्मण छपरा निवासिनी ने भी सीडीपीओ पर घुस लेने का आरोप लगाया। जबकि गोपाल पांडे के टोला निवासी मंजू देवी ने बताया कि हमारे पति सरोज सैनी सहित अन्य को जेल भेज दिया गया है, लेकिन विपक्षी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। मिर्जापुर निवासी दिव्यांग वीरेंद्र बर्मा ने आरोप लगाया कि डीएम साहब मेरी बात सुने बिना हमें डांट कर भगा दिए।
इनकी भी सुनें
शिवपुर, लालगंज में लो वोल्टेज की समस्या है। शासन स्तर से 33/11 केवीए का विद्युत सब स्टेशन खोलने का स्वीकृति मिला है। लेकिन एक वर्ष से कार्रवाई के लिए तहसील का चक्कर लगा रहा हूं। कई पत्र दिया,लेकिन अब तक ससमाधान नहीं हुआ। - उदित पाठक, शिवपुर, लालगंज
जमीन विवाद को लेकर विगत तीन वर्षों से हर संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस का चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन राजस्व विभाग समस्याओं का निस्तारण नहीं कर रहा है। - मिठाईलाल गुप्ता, बैरिया
अपने कार्य के लिए सीडीपीओ को तीन हजार रुपया दी हूं, लेकिन सीडीपीओ द्वारा मेरे कार्य करने के बजाय मेरा उत्पीड़न किया जा रहा है। मैं परेशान हो गई हूं,कई महीना से सीडीपीओ कार्यालय से लगायत तहसील मुख्यालय का चक्कर लगा रही हूं। - ज्ञानती देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, लालगंज
सरयू नदी की कटान से पीड़ित हूं, दो वर्ष पूर्व हमने उपाध्यायपुर मौज में घर बनाने के लिए जमीन बैनामा लिया है। तहसीलदार न्यायालय से दाखिल खारिज भी हो चुका है। तहसील प्रशासन की ओर से जमीन पर कब्जा नहीं दिलवाया जा रहा है। - गणेश यादव, कटान पीड़ित, गोपालनगर
जमीनी विवाद के निस्तारण के लिए तीन वर्षों से संपूर्ण समाधान दिवस व थाना समाधान दिवस का चक्कर लगा रहा हूं। परेशान हो गया हूं,लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं निकल रहा है। राजस्व कर्मी केवल दौड़ा रहे हैं। - संजय पाठक, मुरारपट्टी
ग्राम पंचायत नवकागांव में नई नई पड़ती, ग्राम समाज की भूमि पर दबंगो का कब्जा है। विगत तीन वर्षों से सरकारी भूमि का पैमाइश करने के लिए तहसील का चक्कर लगा रहा हूं। अगर पैमाइश हो जाए तो सरकार द्वारा कई योजनाओं में सरकारी भवन बनाने का निर्देश दिया गया है,लेकिन राजस्व विभाग द्वारा सरकारी जमीन का पैमाइश करने में तीन वर्षों से हिला हवाली किया जा रहा है। - रवि प्रताप सिंह, प्रधान प्रतिनिधि, नवकागांव
10 पंखे थे खराब
संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी के अध्यक्षता में तहसील के सभागार में आयोजन हुआ, लेकिन सभागार में लगे 15 में से सिर्फ पांच पंखा चल रहा था। बाकी 10 पंखा खराब था। वहीं, तीन विंडो एसी लगाया गया है, जो ठंडा करने में सक्षम नहीं था। ऐसे में संपूर्ण समाधान दिवस पर पहुंचे अधिकारी, कर्मचारी गर्मी से बेहाल थे। बार-बार पसीना रुमाल से पोंछते नजर आए। इस बाबत तहसीलदार राजीव कुमार राय ने बताया कि पंखा खराब है, ठीक करने के लिए कहा गया है।
किसानों ने लगाया शिकायत न सुनने का आरोप।
- फोटो : अमर उजाला
किसानों ने किया प्रदर्शन, डीएम पर लगाया आवेदन फेंकने का आरोप
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए जमीन देने वाले किसान संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम द्वारा उनकी बातों नहीं सुनने से आक्रोशित रहे और तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि जिलाधिकारी ने यह कहते हुए हमारा प्रार्थना पत्र फेंक दिया कि यह मामला हमारा नहीं है और हमें भगा दिया।
किसानों ने चेताया कि शासन और जिला प्रशासन के साथ हम किसानों का जो समझौता हुआ है उसके अनुसार अगर हमें रास्ता नहीं दिया गया और समझौते के अनुसार उचित प्रतिकर नहीं मिला तो हम आत्मदाह करने के लिए बाध्य होंगे। किसान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता धनंजय सिंह ने किसानों का नेतृत्व किया।