बैरिया। परियोजना निदेशक डीआरडीए ने संबंधित बीडीओ को पत्र भेजकर एक अप्रैल 2017 से पहले कटान व बाढ़ से बेघर हुए लोगों का चिह्नांकन कर रिपोर्ट तलब की है, ताकि जरूरतमंद कटान पीड़ितों को मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास उपलब्ध कराया जा सके।
जिला पंचायत सदस्य गीता सिंह और कांग्रेस नेता विनोद सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजकर कटान से विस्थापित लोगों को बसाने का लिए जमीन खरीदने व आवास उपलब्ध कराने की मांग की थी। बेलहरी, पचरुखिया, बलिहार, बहुआरा व चांद दियर के कटान पीड़ितों की मांग उठाई थी। सीडीओ के निर्देश पर परियोजना निदेशक ने पत्र लिखकर बताया था कि 2017 से पूर्व के कटान पीड़ितों के संदर्भ में कोई कार्रवाई विचाराधीन नहीं है। एक अप्रैल 2017 के बाद कटान से विस्थापित हुए लोगों को बसाने का लिए भूमि क्रय करने सहित अन्य तरह की सहायता पहुंचाने की योजना के संदर्भ में कार्रवाई की जा रही है। अब परियोजना निदेशक ने खंड विकास अधिकारी बेलहरी, बैरिया व मुरलीछपरा को पत्र भी जारी किया है।