बलिया। नाइजीरिया से जनपद के गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव में आए युवक की भारत सरकार द्वारा जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य टीम ने मंगलवार को उसके घर एंटीजन किट से जांच किया। इसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके अलावा उसका सैंपल आरटीपीसीआर लैब भेजा गया। वहीं विदेश से आए युवक को क्वारंटीन में रहने की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सलाह दिया।
बता दें कि जिस हवाई जहाज से गड़वार थाना क्षेत्र के गांव का युवक आ रहा था उसके पीछे वाली सीट पर तंजानिया देश से एक लड़की भी आ रही थी जो ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिली। जिसके कांटेक्ट में आने की वजह से भारत सरकार ने जिले के स्वास्थ विभाग की टीम को जांच करने का आदेश दिया। भारत सरकार के आदेश के क्रम में जिले की स्वास्थ्य टीम युवक के घर पहुंची और एंटीजन किट से जांच किया जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद जांच टीम ने युवक का सैंपल आरटीपीसीआर लैब भेजा। इस बाबत जिला महामारी अधिकारी डॉ. जियाउल हुदा ने बताया कि अगर आरटीपीसीआर लैब में युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उसका जीएनएम जांच के लिए सैंपल भेजा जाएगा। अगर निगेटिव आता है तो एहतियात के तौर पर उसे क्वारंटीन में रखा जाएगा। एंटीजन जांच में युवक की रिपोर्ट में फिलहाल निगेटिव आई है।