जयप्रकाश नगर। राष्ट्रीय राजमार्ग 31 बैरिया मांझी मार्ग पर स्थित जयप्रभा सेतु पर सोमवार को बिहार से उत्तर प्रदेश आ रही एक पिकअप बेकाबू होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। इससे पुल की रेलिंग टूट गई। संयोग रहा कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
लॉकडाउन में जरूरी सेवाओं को जारी रखने के लिए यूपी व बिहार के बीच जयप्रभा सेतु के रास्ते वाहनों की आवाजाही जारी है। सोमवार को बिहार की ओर से आ रही पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। पिकअप का कुछ हिस्सा नदी की ओर लटक गया और गाड़ी बंद हो गई। पिकअप के धक्के से करीब 30 फुट लंबाई तक रेलिंग टूट कर सेतु के उत्तर दिशा में जा गिरी। संयोग रहा कि सेतु के नीचे कोई आदमी नहीं था जिससे बड़ी घटना होने से बच गई। सूचना पर पहुंचे एसओ मांझी ने पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया।