कोलकाता के सागर आइलैंड से बीते सात जनवरी को निकला कैटामारन इलेक्ट्रिक जलयान अंततः शुक्रवार को दोपहर बाद सिकंदरपुर क्षेत्र के खरीद से गुजर गया। हालांकि यह जलपोत निर्धारित शेड्यूल से दो दिन विलंब से यहां पहुंचा।
सरकार की योजना कोलकाता और अयोध्या को जलमार्ग से जोड़ने की है। इसे मूर्त रूप देते हुए पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने घाघरा नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग (संख्या-40) घोषित कर रखा है। करीब 353 किमी लंबे इस सफर को तय करने के लिए विभाग ने पहले ही शेड्यूल जारी कर दिया था। इसके मुताबिक कैटामारन इलेक्ट्रिक जलयान को 17 जनवरी को ही खरीद क्षेत्र से गुजरना था, लेकिन बीते मंगलवार को मांझी घाट के पास नदी में पानी स्तर कम होने और दिशा भ्रम होने की वजह से उसे वहीं रोकना पड़ा था। बुधवार को बमुश्किल 10 किमी का सफर तय करने के बाद जलपोत रेवती क्षेत्र के वशिष्ठ नगर मौजा के लाल फक्कड़ बाबा की मठिया के सामने बालू में फंस गया। 30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बृहस्पतिवार शाम को वहां से रवाना किया जा सका। सिल्ट की वजह से एक बार फिर जलयान को दतहां और चांदपुर के बीच रोकना पड़ा। शुक्रवार की सुबह अगले सफर पर निकले चालक दल को पुरुषोत्तमपट्टी के पास एक बार फिर मुश्किलों से सामना हुआ। करीब दो घंटे बाद वहां से रवानगी लेने के बाद जलयान अपराह्न करीब 2:15 बजे खरीद से होकर गुजरा। शाम 4:30 बजे जलयान तुर्तीपार से महज छह किमी पहले था। इस दौरान खरीद और विहरा में जलयान को देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पायलट मनोज कुमार ने बताया कि उक्त जलमार्ग पर परिवहन सेवा का उद्घाटन 22 जनवरी को प्रधानमंत्री द्वारा अयोध्या में किया जाना है। जलयान को 20 जनवरी तक अयोध्या पहुंचना था। रास्ते में आ रहे अवरोध की वजह से काफी विलंब हो रहा है। बताया की मऊ जनपद के दोहरीघाट, आजमगढ़ जिले के कुम्हारिया घाट से बीड़हरपुर के रास्ते टांडा घाट से अकबरपुर जिले में प्रवेश करें, जहां से राजेसुल्तान घाट (अकबरपुर) होते हुए अयोध्या का सफर तय किया जाएगा। कहा की नदी के वास्तविक प्रवाह क्षेत्र और पर्याप्त जलस्तर मिलने के बाद सफर काफी आसान हो जाएगा।
उपलब्ध कराया गया खाने-पीने का सामान
सिकंदरपुर। कोलकाता से चलकर अयोध्या जाने वाने कैटामारन इलेक्ट्रिक जलयान शुक्रवार दोपहर सिकंदरपुर क्षेत्र के दरौली पीपा पुल के पास पहुंचा। जलयान को देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जलयान पर मौजूद लोगों खाने पीने का समान दिया गया।
दोबारा कब शुरू होगा पीपा पुल
सिकंदरपुर। शुक्रवार को दरौली घाट पर बिहार जाने वाले लोगो को एक बार फिर से स्टीमर का सहारा लेना पड़ा। आने वाले जलयान के लिए खोले गए पीपा पुल को पार करते ही सुना गया की क्या जलयान ने जाने के बाद दरौली पीपा पुल को चालू करा दिया जाएगा। या जलयान को पुन: आने तक इंतजार किया जाएगा।