बेल्थरारोड। भटनी-औडि़हार रेल खंड के दोहरीकरण और विद्युतीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ ही घाघरा नदी पर रेल पुल निर्माण की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। पुल निर्माण के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड ने 222.74 करोड़ की लागत से बेल्थरारोड और तुर्तीपार के बीच रेल पुल निर्माण के लिए हरी झंडी दे दिया है। जिससे रेल लाइन के दोहरीकरण और विद्युतीकरण का कार्य तेज हो गया है।
पुल निर्माण की जिम्मेदारी एसपी सिंगला कंपनी चंडीगढ़ को दी गई है। पुल का निर्माण लगभग तीन वर्षों में पूरा हो जाएगा। रेल सूत्रों की मानें तो बलिया और देवरिया जिलों के किनारे के दोनों छोर से एक साथ निर्माण शुरू होगा। पुल के लिए नदी में 19 खंभों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक मशीनरी और अन्य सामानों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। सूत्रों का कहना है कि पुल के निर्माण में विशेष रूप से स्टील धातु से निर्मित सामानों का प्रयोग होगा।
बता दें कि निर्माणाधीन पुल के समांतर सिंगल लाइन का पुल है, जो अंग्रेजों के जमाने का निर्माण होने के चलते अत्यंत जर्जर हो गया है। इस पुल से काशन के तहत धीमी गति से ट्रेन गुजरती हैं। नया पुल निर्माण होने के बाद ट्रेनों की गति बढ़ जाएगी। कार्यदायी संस्था बलिया और देवरिया के तटवर्ती इलाके के करीब तीन एकड़ भूमि को लीज पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि निर्माण में व्यवधान उत्पन्न न हो सके। पुल निर्माण के लिए सौ से अधिक मजदूरों ने मौके पर पहुंच कार्य शुरू भी कर दिया है। जबकि अभी और मजदूरों के आने का क्रम जारी है। पुल निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लोगों में काफी उत्सुकता है।