बलिया। गंगा बहुद्देशीय सभागार में मंगलवार को पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के संबंध में जिले के ग्राम प्रधानों एवं कोटेदारों के साथ बैठक हुई। इसमें डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने योजना को सफल बनाने के लिए सोलर रूफटॉप अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों एवं कोटेदारों से अपील की कि वे अपने घरों में पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना का कनेक्शन लें और अपने-अपने गांवों में लोगों को इसके लिए जागरूक करें।
कहा कि पीएम सूर्य घर योजना से उपभोक्ता बिजली बचा सकते हैं, सरकारी अनुदान प्राप्त कर सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं। बताया कि इस योजना में उपलब्ध खाली छत का उपयोग कर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाया जाता है, जिससे 90 प्रतिशत तक बिजली की बचत संभव है। यह प्रणाली 25 साल की गारंटी के साथ आती है और न्यूनतम रख-रखाव खर्च में बिजली बचत के माध्यम से इसकी लागत भी वापस हो जाती है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इस योजना में सब्सिडी भी दी जा रही है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है तथा जिले में 13 अधिकृत वेंडर्स तैनात किए गए हैं, जो उपभोक्ताओं के घर जाकर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करेंगे। सभी प्रधानों और कोटेदारों को निर्देशित किया कि वे दो दिनों के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि एक सप्ताह के अंदर वेंडर्स के माध्यम से उनके घरों पर सोलर पैनल लगाए जा सकें। इसके अलावा 16 एवं 17 जनवरी को वेंडर्स गांवों में जाकर ग्राम प्रधानों और कोटेदारों के साथ योजना को लेकर बैठक भी करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले में तैनात सभी 13 वेंडर्स के नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर प्रत्येक विकास खंड कार्यालय पर चस्पा किए जाएं। ग्राम प्रधानों एवं कोटेदारों ने विद्युत निगम पर कनेक्शन देने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत भी की। जिलाधिकारी ने निस्तारण के निर्देश दिए।
विद्युत समस्या के समाधान के लिए मिला कक्ष
विद्युत निगम से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विकास भवन में कक्ष संख्या-8 में एक कार्यालय खोलने तथा वहां एक कर्मचारी की तैनाती के आदेश डीएम ने दिए। बैंकों के योजना के तहत लोन देने में लापरवाही की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एलडीएम को निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना में शिकायत नहीं आनी चाहिए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सभी प्रधान, सभी कोटेदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।