जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया है कि विद्युत मीटर रीडिंग में लगे लोग मनमानी न करें। इसके लिए उचित कार्रवाई व जरूरी व्यवस्था करते हुए स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें।
बता दें कि इंटक के जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने ग्राम सभा बेलहरी, धर्मपुरा, गरयां, शुक्ल छपरा, मझौवां, पचरुखिया, नारायणपुर, दिघार, गंगापुर, बलिहार सहित दर्जनों गांवों में विद्युत उपभोक्ताओं के मीटर रीडिंग में संबंधित कर्मिंयों द्वारा लापरवाही, एक जगह बैठकर मनमानी तरीके से मीटर रीडिंग का रिपोर्ट प्रेषित करना व अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को इस बाबत शिकायती पत्र दिया था। जिस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल उचित कार्रवाई करने का फरमान अधिशासी अभियंता को जारी किया है।