बांसडीह थाना क्षेत्र में पड़ोसी से विवाद और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए शैलेंद्र खरवार ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इससे दहशत फैल गई। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह आग बुझायी और शैलेंद्र को अस्पताल भिजवाया।
सदर कोतवाली के तिखमपुर निवासी शैलेंद्र खरवार का आरोप था कि पड़ोसी अमिताभ श्रीवास्तव से जमीन का विवाद है। अमिताभ ने लोहे का गेट तोड़ दिया। इसकी लिखित शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया। इसी तरह बेल्थरारोड निवासी एक व्यक्ति ने पार्टनर बनाने के नाम पर 19 लाख रुपये हड़प लिए हैं। इस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। बेटे ने बताया कि शैलेंद्र ने सुबह ही बांसडीह के एक कार्यक्रम में जाने की बात कही थी, लेकिन यह नहीं बताया था कि आत्मदाह करना है। अचानक पेट्रोल डालकर आग लगा लिया। इस सिलसिले में बांसडीह के थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।