बलिया। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले जनपद के ददरी मेले के आयोजन की तैयारियां नगरपालिका परिषद की ओर से शुरू कर दी गई है। इसके लिए नपा प्रशासन ने संभावित तिथि का प्रस्ताव बनाकर जिला प्रशासन को भेज दिया है। स्वीकृति के बाद इस पर अमल किया जाएगा।
ददरी मेला में लगने वाले मीना बाजार के शुभारंभ की संभावित तिथि 19 नवंबर को प्रस्तावित की गई है। नंदी ग्राम के शुभारंभ के लिए छह नवंबर की तिथि प्रस्तावित की गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन का अनुमोदन मिलते ही नपा प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर लाखों की भीड़ जुटती है और इसी के साथ ददरी मेला का शुभारंभ भी हो जाता है। ददरी मेला देश का दूसरा सबसे बड़ा मवेशी मेला है, जो 15 दिनों तक चलता है। पशु मेले के दौरान व्यापारी बिक्री एवं खरीद के लिए पूरे देश से मवेशियों की उत्कृष्ट नस्लें लाते हैं। इसके बाद कार्तिक पूर्णिमा के दिन से मेले का दूसरा भाग यानी मीनाबाजार का शुभारंभ होता है, जो 15 दिनों तक चलता है। यह मेला महर्षि भृगु के शिष्य दर्दर मुनी के सम्मान में सालाना आयोजित किया जाता है। मीनाबाजार के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
ददरी मेला के आयोजन की प्रक्रिया गतिमान है। इसके लिए संभावित तिथि का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है। अनुमोदन मिलते ही तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। - अजय कुमार समाजसेवी, चेयरमैन, नगरपालिका, बलिया