बलिया। प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना के तहत जिले में मानक के अनुसार कार्य नहीं हुए। इसी तरह से खनन विभाग की रैंकिंग भी खराब मिली। डीएम ने खनन अधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
सीएम डैशबोर्ड एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं से संबंधित बैठक जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने कहा कि इस बार रैंकिंग में कुछ सुधार हुआ है लेकिन कुछ विभाग का डाटा खराब है।
उन्होंने स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की रैंकिंग सी पाए जाने पर उनको नोटिस जारी करने के लिए कहा। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि लगातार कार्य करें।
उन्होंने विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जिस निमार्णाधीन परियोजना का कार्य 90 प्रतिशत से ज्यादा हो गए है, उसे तेजी से पूर्ण करते हुए हैंडओवर कराएं। उन्होंने उत्तर प्रदेश राजकीय निमार्ण निगम द्वारा चिलकहर में बनाएं जा रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पूर्ण करने के लिए कहा। सभी कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए की सभी कार्यों को ससमय गुणवत्ता पूर्वक ढंग से किया जाए।
सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन सिंह, सीएमओ एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।