गंगा उस पार नौरंगा भुवाल छपरा गांव के समीप चल रहे कटानरोधी कार्य में लगी पोकलेन नदी में गिरने क
दया छपरा। गंगा पार नौरंगा और भुवाल छपरा गांव के पास कटान रोधी कार्य के दौरान बुधवार को हादसा हो गया। नदी किनारे कार्य में जुटी पोकलेन मशीन अनियंत्रित होकर गंगा में समा गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। मशीन गहराई में चली जाने के कारण दिखाई नहीं दे रही है। इस घटना के बाद घाट पर काम कर रहे मजदूरों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
नौरंगा और चक्की नौरंगा के बीच बाढ़ से बचाव के लिए लखनऊ के ठेकेदार अभिषेक वर्मा की ओर से कटान रोधी कार्य कराया जा रहा है। यहां बोल्डर लगाने के लिए पोकलेन के जरिये मिट्टी और बालू काटकर प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान जमीन धंसने या ढलान के कारण पोकलेन फिसलने लगी। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते मशीन गंगा में समा गई। घटना की सूचना मिलते ही विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पोकलेन को बाहर निकालने के लिए अब बड़े स्तर पर रेस्क्यू की तैयारी की जा रही है।
काम पर पड़ा असर
बाढ़ और कटान के बीच इस तरह के जोखिम भरे कार्यों में सुरक्षा मानकों पर भी चर्चा तेज है। फिलहाल, पोकलेन के डूबने के कारण कटान रोधी कार्य की गति पर भी कुछ समय के लिए असर पड़ा।
पोकलेन नदी की काफी गहराई में चली गई है। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्टीमर और अन्य जरूरी भारी उपकरण मंगाए गए हैं। जल्द ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मशीन को बाहर निकाल लिया जाएगा। - एसके प्रियदर्शी, एई।