बलिया। वेतन उच्चीकरण, प्रिस्क्रिप्शन अधिकार, संवर्ग पुनर्गठन पदनाम परिवर्तन सहित 20 सूत्रीय मांगों को लेकर फार्मेसिस्ट एसोसिएशन की जिला इकाई के सदस्यों ने शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर धरना दिया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में सीएचओ में फार्मेसिस्टों की नियुक्ति करने, उपकेन्द्र पर पदों का सृजन करने, न्यूनतम शैक्षिक योग्यता की बीफार्मा या डिप्लोमा के साथ 2 वर्ष का अनुभव अनिवार्य करने, सभी ड्रग वेयर हाउस और ट्रामा सेंटर में पद सृजित करने, बड़े अस्पतालों में इमरजेंसी के लिए हो अलग से चार इमरजेंसी फार्मेसिस्ट की तैनाती करने, सीएमओ कार्यालय में जिला फार्मेसी अधिकारी की तैनाती करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर तीन फार्मेसिस्ट, दो चीफ फार्मेसिस्ट का पद सृजित करने की मांग की है। धरने का नेतृत्व डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के जनपदीय अध्यक्ष मलय कुमार पाण्डेय एवं मंत्री अशोक कुमार सिंह ने करते हुए कहा कि 5 से 8 दिसम्बर तक काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे, जो आगे चलकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल जायेगा। धरना देने वालों में अरूण कुमार सिंह, हेमन्त सिंह, अवधेश सिंह, आरवी यादव, दशरथ यादव, योगेन्द्र पाण्डेय, अरूण कुमार सिंह, अमर नाथ पाण्डेय, विवेक कुमार सिंह, शैलेन्द्र पाण्डेय, अंजनी राय, प्रवीण त्रिपाठी, सतीश वर्मा, बदरे आलम, जावेद अख्तर, अविनाश चौरसिया, रविन्द्र चौधरी, रामप्रताप सिंह, अजय नारायण सिंह, सच्चिदानन्द तिवारी, प्रदीप पाठक, पारस राम, अमरनाथ पाठक आदि शामिल रहे।
---------