अक्सर लोगों के मुंह से सुना जाता है कि आदमी से ज्यादा जानवर वफादार होते हैं। ऐसा ही कुछ बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नसरतपुर निवासी चंदन पांडेय के घर देखने को मिला। जहां घर में घुसे कोबरा (सांप) से घरवालों को बचाने के लिए पालतू कुत्ता जान की बाजी लगाकर भिड़ गया और अपनी जान गंवाकर घरवालों की हिफाजत की। इस घटना को अपने आंखों से देखने वाले याद कर सिहर उठते हैं।
जानकारी के अनुसार, चंदन पांडेय के घर बुधवार की रात एक गेहूंवन सांप (कोबरा) अचानक घर में घुस गया। इसी बीच सर्प पर घर के पालतू कुत्ते मरिया की नजर पड़ गई। वह न केवल अपनी वफादारी निभाते हुए जी जान से लड़ा, बल्कि कोबरा को मौत के घाट उतार डाला। हालांकि इस लड़ाई के दौरान कोबरा ने कुत्ते को भी डस लिया। जिसे बचाने के लिए परिजन उसे स्थानीय पशु अस्पताल ले आए, जहां उसकी मौत हो गई।
उसने जिस प्रकार अपनी वफादारी का परिचय दिया, वह रौंगटे खड़े कर देने वाला था। सभी के मुंह से बस यही निकल पड़ा कि वास्तव में इंसान से ज्यादा वफादार जानवर होते हैं। कुत्ते की मौत से परिजन भी काफी गमगीन हैं। उन्होंने उसका अच्छे तरीके से अंतिम संस्कार किया। यह घटना लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है।