बलिया। जनपद में सुबह धूल भरी आंधी के साथ ही बारिश हुई। इस आधी और बारिश में व्यापक स्तर पर आम गिरे एवं कुछ स्थानों पर बिजली के तार भी टूट गए। इससे लोगों को प्रचंड गर्मी में थोड़ी राहत तो मिली लेकिन बिजली के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार की सुबह मौसम में अचानक बदलाव के बाद धूल भरी आंधी के साथ ही बारिश से प्रचंड गर्मी के तापमान में गिरावट आई। जिससे लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली। उधर, पिछले दिनों तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से पशु-पक्षी, मानव बेहाल हो गए थे, लेकिन आंधी व बारिश ने आमजन एवं किसानों को फायदा पहुंचाया है। इस दौरान मांगलिक कार्यक्रम में लगे टेंट संचालकों का बारिश के चलते काफी नुकसान हुआ। कारण कि अचानक आसमान में धूल भरी आंधी एवं बारिश ने उन्हें खोलने एवं उठाने का मौका ही नहीं दिया। उधर, इस वर्ष आम की पैदावार भी काफी अच्छी है, लेकिन आंधी व बारिश के चलते काफी नुकसान हुआ है। माल्दह क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश के कारण बिजली अस्त-व्यस्त हो गई है। इस उमस भरी गर्मी में बच्चों और औरतों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर तार के कारण जब हवा चलती है, तब बिजली नदारद हो जाती है। रेवती में बृहस्पतिवार की सुबह अचानक मध्यम गति की हवाओं के झोंकों के साथ काले बादलों के समूह के आकाश में घिरने और हल्की बूंदाबांदी पड़ने के चलते मौसम ठंडा हो गया। विलंब से बोई गई गेहूं की फसल और हाथ से काटकर खेतों में थ्रेसिंग के लिए रखी गई गेहूं की फसल कुछेक स्थानों पर हुई बरसात में खेतों में भीग गई। उत्तर टोला निवासी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि भूसा बनाने के उद्देश्य सेे बुद्धिरामपुुुर मौजा के एक खेत में रखे गए ढाई सौ बोझ गेहूं की फसल भीग गई। आम की फलियां जहां तहां हवाओं के झोंकों से झरकर गिर गईं।
बारिश से आमजन को राहत, सब्जियों को फायदा
नरही/दयाछपरा/बेल्थरारोड। क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह अचानक मौसम में बदलाव के बाद आंधी और बारिश से जहां तापमान में गिरावट हुई। वहीं, किसानों को इससे फायदा हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र सोहांव के पूर्व निदेशक प्रो. रवि प्रकाश मौर्य ने बताया कि पूर्वी उप्र में कई जगहों पर हल्की बारिश होने से लतावर्गीय सब्जियों जैसे लौकी, कद्दू, नेनुआ, करेला, खीरा, ककड़ी और अन्य मिर्च, भिंडी, टमाटर, लोविया की फसलों के लिए बारिश काफी लाभदायक है लेकिन खरबूज और तरबूज की मिठास कम हो सकती है। उर्द और मूंग में फली आ गई है तो उसे लाभ होगा। गन्ना और मक्का की फसल के लिए बहुत ही लाभकारी है। मक्का में दाने ठीक से बनेंगे। आधी तूफान से आम के फलों को गिरने की ज्यादा संभावना है। लेकिन आम के फलों को पकने के लिए सहायक है तथा फलों में मिठास होगी। कहा कि मौका मिलते ही खाली खेतों की गहरी जुताई, मिट्टी पलटने वाले हल से करें। इससे मिट्टी में छिपे हानिकारक कीट, जीवाणु एवं खरपतवार धूप लगने से मर जाएंगे। यह जुताई खरीफ फसलों के लिए काफी लाभकारी होगा। धान की नर्सरी हेतु खेत की तैयारी करें। इसके साथ ही खरीफ में लगाई जाने वाली अन्य फसलों जैसे अरहर, तिल, उर्द, मूंग, कद्दू वर्गीय सब्जियों, टमाटर, बैगन, मिर्च आदि हेतु बीज, उर्वरक एवं अन्य आवश्यक निवेशों की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें।
भरभरा कर गिरी ईंट की दीवार
बेल्थरारोड। आंधी पानी से पहाड़पुर ग्राम में अचानक ईंट की दीवार भरभरा कर गिर गई। इससे बीडीसी जयप्रकाश की पुत्री पूजा (18) घायल हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने अचेत अवस्था में घायल पूजा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने गंभीर अवस्था के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया।