ईद पर्व के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक को संबोधित करते भीमपुरा थानाध्यक्ष आरएस नागर।
- फोटो : BALLIA
बलिया। ईद व अक्षय तृतीया त्योहार के मद्देनजर जनपद के विभिन्न थानों में रविवार को अधिकारियों की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। जिसमें साफ-सफाई से लेकर शांति व्यवस्था कायम करने की अपील की गई। चेताया कि अगर कोई अराजकतत्व अराजकता फैलाने की कोशिश करेगा, उसके विरूद्घ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेवती थाना प्रांगण में रविवार को ईद के मद्देनजर सीओ बैरिया अशोक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सीओ बैरिया ने कहा कि त्योहारों को प्रेम और मिल्लत के साथ मनाना श्रेयस्कर होता है। इससे समाज में सद्भाव और शान्ति कायम रहती है। कहा अगर कोई भी अवांछनीय तत्व अराजकता फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध पुलिस कड़ी कार्यवाही करेगी। उन्होंने साफ- सफाई की व्यवस्था के बाबत धर्मगुरूओं से जानकारी प्राप्त किया। धर्मगुरूओं ने सीओ को बताया कि कुशहर एवं खरिका स्थित ईदगाहों, थाना के सामने की मस्जिद, मुनछपरा स्थित मस्जिद तथा रामपुर दीघार स्थित मस्जिद में ईद के दिन भिन्न-भिन्न समयों पर नमाज अदा की जायेगी। इसके अलावा नगर रेवती स्थित छोटी मस्जिद में महिलाएं नमाज अदा करेगी। इस मौके पर इमाम अलाउद्दीन,जमरूद्दीन, मु.आजम, कलीमुल्लाह, मो.शमीम के अलावे कौशल सिंह, अजीत कुमार श्रीवास्तव उर्फ छोटे बाबू उपस्थित रहे। संचालन प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने किया। उधर, भीमपुरा थाना परिसर में ईद उल फितर व अक्षय तृतीया के मद्देनजर रविवार को शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें ईद पर्व को शांति और सौहार्द पूर्ण मनाने का संकल्प जताया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि हंसी खुशी माहौल में मिल जुलकर पर्व मनाने से उसका उत्साह बढ़ जाता है। हर गांवों से आये संभ्रांत लोगों से राय ली गई तथा मामले का निस्तारण करने का भी आश्वासन दिया गया। वहीं विवादित स्थानों को भी चिन्हित किया गया। प्रशासन किसी भी मामले से निपटने के लिए तैयार है। इस मौके पर एसआई सोनू कुमार, धर्मदेव सिंह, बृजेश सिंह, इरफान, कमालुद्दीन, रियाज, मैनुद्दीन, सुरेंद्र चौहान, सोरस, चुलबुल सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह आदि रहे।