बलिया जिले में नगर पंचायत मनियर की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय के आत्महत्या के मामले में शनिवार को कोतवाली पुलिस ने मंडी चौकी क्षेत्र से आरोपी बनाए गए ईओ के वाहन चालक चंदन कुमार वर्मा निवासी अमृतपाली को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक ईओ के खुदकुशी मामले में इससे अहम जानकारी मिल सकती है।
छह जुलाई की रात नगर पंचायत मनियर की ईओ मणिमंजरी राय का शव उनके आवास में फंदे से लटका मिला था। ईओ के पिता जयठाकुर राय ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई थी। वहीं उनके भाई विजयानंद राय की तहरीर पर पुलिस ने नगर पंचायत के अध्यक्ष, टैक्स लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर, चालक व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया था। शनिवार को पुलिस को मंडी चौकी क्षेत्र के एक मकान में चालक चंदन के छिपे होने की सूचना मिली।