भीमपुरा। पुलिस ने बुधवार को दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आशीष तिवारी निवासी डंगौली जनपद मऊ को इब्राहिमपट्टी नहर चौराहा से खूंटा जाने वाले मार्ग से पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी पर 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई थी।
भीमपुरा थानाध्यक्ष योगेश यादव बुधवार को बकरीद त्योहार के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की तलाशी कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि फरार बदमाश इब्राहिमपट्टी नहर चौराहा की तरफ से आ रहा है। पुलिस ने फरार आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि इसके ऊपर भीमपुरा थाना के अलावा मऊ के रानीपुर थाने में कई मामले दर्ज हैं। यह मऊ व बलिया पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में किशोरी के साथ दुष्कर्म, अपहरण समेत पाक्सो एक्ट में मामला दर्ज है।