सुरेमनपुर दीयरांचल के गोपालनगर टाड़ी गांव को सरयू नदी के कटान से बचाने के लिए बाढ़ विभाग कटानरोधी कार्य कराएगा। रविवार को बाढ़ विभाग के एसडीओ अमृतलाल और अवर अभियंता रजनीकांत राय मौके पर पहुंचे। कटान स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्को पाइन विधि से कटानरोधी कार्य कराने के साथ ही कटान स्थल पर पिचिंग कराने का निर्णय लिया।
स्थलीय निरीक्षण और कटान स्थल की पैमाइश करने के बाद एसडीओ अमृतलाल ने बताया कि फिलहाल करीब 10 लाख रुपये की लागत से एक किमी की लंबाई में बस्ती के सामने कटानरोधी कार्य कराया जाएगा। इसके लिए प्राकलन शासन को भेजा जा रहा है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद कटानरोधी कार्य शुरू कराया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि दो किमी की लंबाई में कटान हो रहा है। इसलिए कटानरोधी कार्य दो किमी की लंबाई में होनी चाहिए। एसडीओ का कहना है कि हमारी वरीयता गांव को बचाने की है। गांव एक किमी लंबाई में कटानरोधी कार्य करा देने से बच जाएगा।
गौरतलब है कि गोपालनगर टाड़ी गांव के छह लोगों का मकान सरयू नदी के कटान के कारण ध्वस्त हो चुके हैं। दर्जनों परिवार गांव छोड़कर अन्यंत्र पलायन कर गए हैं। गोपालनगर के प्रधान प्रतिनिधि अभिमन्यु यादव और अन्य ग्रामीणों ने बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह से मिलकर गांव को कटानरोधी कार्य से बचाने की गुहार लगाई ती। जिलाधिकारी आदिति सिंह व बाढ़ विभाग के अधिकारियों से लगातार गांव को बचाने का गुहार लगा रहे थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर बाढ़ विभाग हरकत में आया और कटानरोधी कार्य स्वीकृत होने की पहल की गई। इस कार्य के हो जाने से उक्त गांव सुरक्षित हो जाएगा।