रसड़ा। तहसील सभागार में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी ओमवीर सिंह ने संपूर्ण समाधान में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। राशन, भूमि, राजस्व सहित 133 समस्याओं में से मात्र 12 मामलों का निस्तारण हो सका।
रसड़ा ब्लॉक के नागपुर गांव निवासी सत्यप्रकाश कौशल ने आंगनबाड़ी एवं सुपरवाइजर पर आरोप लगाया कि डेढ़ वर्ष बाद भी उनकी पत्नी और मासूम पुत्री को पोषाहार नहीं दिया गया।
जबकि इसको लेकर तीन बार संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायत कर चुके हैं। जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए सीडीपीओ रसड़ा से जांच कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
नदौली निवासी प्रभुनाथ राजभर ने ग्राम सभा की बंजर भूमि को दबंगों द्वारा फर्जी तरीके से कब्जा किए जाने, जाम निवासी धनंजय सिंह ने मारपीट में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपितों की गिरफ्तार नहीं करने, डेहरी गांव के पारसनाथ ने गांव में हाईटेंशन जर्जर तार को बदलने की मांग की।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल निस्तारण करने का निर्देशित किया। बेल्थरारोड में एसडीएम निशांत उपाध्याय की अध्यक्षता में 12 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। किसी का भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
बैरिया में उपजिलाधिकारी सुनील कुमार की अध्यक्षता में कुल 14 मामलों में 10 मामले भूमि विवाद के थे। दो मामले पारिवारिक विवाद से संबंधित था। किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हुआ।