बैरिया। दो अक्टूबर गांधी जयंती पर तहसील के किसानों को खतौनी की तरह ही खसरा की प्रतिलिपि ऑनलाइन प्राप्त होने लगेगी। नायब तहसीलदार रजत कुमार सिंह ने बताया कि बैरिया तहसील में कुल 164 राजस्व ग्राम हैं। इसमें 15 राजस्व गांव की खतौनी लिखी जा रही है।
पांच राजस्व गांव चकबंदी में है। चार राजस्व गांव का सर्वे विभाग की ओर से हो रहा है। इन 24 राजस्व गांवों के छोड़कर शेष 140 राजस्व गांवों के खसरा अभिलेख को खरीफ फसल के भौतिक सत्यापन के बाद कंप्यूटराइज किया जा रहा है। 30 सितंबर तक कार्य पूरा हो जाएगा। दो अक्टूबर से ऑनलाइन खसरा की प्रतिलिपि किसानों को मिलने लगेगी। अब इसके लिए किसानों को लेखपालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि अभी खरीफ का सर्वे कर कंप्यूटर में फीड हो रहा है। फिर रबी और जायद का फसल का भी सर्वे कर कंप्यूटर में फीड कर दिया जाएगा।