बाइक से रिश्तेदारी जा रहे युवक की नीलगाय से टकराने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नरहीं थाना क्षेत्र के अमांव गांव निवासी मेराज (28) पुत्र इस्राफील शुक्रवार को अपने घर से दौलतपुर अपने ननिहाल के लिए निकला था।
सुबह 11 बजे बसंतपुर गांव के पास बाइक के सामने अचानक नीलगाय आ गई जिससे टकराने के बाद वह जख्मी हो गया। ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं लाया जा रहा था कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इस घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।