बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक के पास मंगलवार को मिले एक किशोर के शव के मामले में पुलिस ने गुरुवार को घटना के एक आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
बता दें कि मंगलवार को रघुनाथपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक के पास पत्थरों में दबा ओझवलिया निवासी किशोर नवनीत दुबे का शव मिला था। घटना के बाद पुलिस ने मामले में मृतक के चाचा की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने गुरुवार को बांसडीहरोड स्टेशन के पास से मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक योगेंद्र तुरहा उर्फ जोगी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर नवनीत की हत्या की थी। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने गांव के ही दोस्त राजू गुप्ता के साथ 25 दिसंबर की शाम नवनीत को लेकर बलिया आया और पैदल ही उसे रेलवे लाइन के किनारे से रघुनाथपुर गांव के सामने ले गया। वहां सुनसान जगह देखकर उन्होंने उसके पैर रस्सी से बांध दिए और फिर दूसरी रस्सी से उसका गला कस कर उसकी हत्या कर दी। उसकी पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर पत्थरों से वार कर दिया और उसे वहीं पत्थरो के नीचे दबा कर वे चले गए। मंगलवार को युवक का शव मिला। इस बाबत इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि घटना में शामिल एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त रस्सी व पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। घटना में शामिल दूसरे युवक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही दूसरे आरोपी को पकड़ा जाएगा।