नगर के रोडवेज बस स्टेशन परिसर में खड़ी बसे।
- फोटो : BALLIA
बलिया। यात्री रोडवेज बसों ने टिकट डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य डिजिटल माध्यमों से खरीद सकेंगे। इसके लिए ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन) अगले माह तक आ जाएंगी। यह सुविधा शुरू होने पर बस में फुटकर की समस्या नहीं रहेगी।
बलिया डिपो से प्रतिदिन हजारों यात्री रोडवेज की बसों में सफर करते हैं। अक्सर टिकट के लिए फुटकर को लेकर किचकिच होती है। कंडक्टर टिकट के पीछे बकाया रकम लिख देते हैं और कई बार यात्री लेना भूल जाते हैं। अब बसों में नकद के साथ-साथ आनलाइन भुगतान की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। वैलेट, क्रेडिट और डेबिट कार्ड से भुगतान हो सकेगा। टिकट का पैसा सीधे निगम के खाते में जाएगा। इसके लिए निगम नए तरह की ईटीएम मंगा रहा है। डिपो में इस समय 81 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों के लिए 120 ईटीएम की मांग भेजी गई है। वर्तमान में जो मशीनें उपलब्ध हैं, उनका टेंडर खत्म हो गया है। इसमें से अधिकांश खराब हैं। ऐसे में अधिकतर बसों में मैनुअल ही टिकट बनाया जा रहा है।
अनुबंधित बसों के लिए निगम ने मांगा आवेदन
जिले के करीब 20 रूटों रोडवेज बसों का संचालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने निजी वाहन स्वामियों से आवेदन मांगा है। निगम ने प्रदेशभर के लिए 1100 बसों के लिए निविदा आमंत्रित की है। इनमें से करीब 15 से 20 बसें बलिया डिपो को भी मिलेंगी। इन बसों के मिलने के बाद जिले के उन रूटों पर रोडवेज की बसों का संचालन हो सकेगा जा अब तक उपेक्षित है। यह जानकारी एआरएम राकेश श्रीवास्तव ने दी।
डिपो में तैनात सभी परिचालकों को यह मशीनें दी जाएंगी। मशीनों के लिए डिमांड भेजी जा चुकी है। 15 दिनों के भीतर यह मशीनें मिलने की उम्मीद की जा रही है।
-राकेश कुमार श्रीवास्तव, एआरएम, बलिया डिपो।