बलिया। वैक्सीनेशन की रैंकिंग में प्रदेश में 75 वें पायदान जिले की उपस्थिति ने जिला प्रशासन को सकते में डाल दिया है। रैकिंग में सुधार के लिए जहां राशन की दुकान पर खाद्यान्न लेने वालों को वहीं पर कोरोनारोधी टीकाकरण व आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवेदन की सुविधा मिलेगी। वहीं धर्मगुरुओं और पुलिस की मदद लेने की तैयारी भी चल रही है। इसका मकसद छूटे हुए लोगों को टीका लगाकर सुरक्षित करने के साथ ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों का राशन कार्ड बनाना है।
जिला प्रशासन की पहल पर नगर समेत ग्रामीण अंचलों में टीकाकरण से छूटे लोगों का सर्वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सहायता से कराया गया। सर्वे के आधार पर डीएम के निर्देश के अनुसार नगरीय व देहात क्षेत्र में तीस नवंबर तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें स्वास्थ्य विभाग का सहयोग जिला पूर्ति कार्यालय कर रहा है। जिले में करीब 1470 कोटे की दुकानों का संचालन होता। इन पर आयुष्मान भारत योजना में पंजीकृत निजी अस्पतालों के ऑपरेटर संसाधन के साथ मौजूद होंगे। हर माह की 20 तारीख से राशन का वितरण शुरू होता है। कोविड टीकाकरण से वंचित कोई कार्डधारक जब राशन लेने आएगा तो सबसे पहले उसे टीका लगाया जाएगा। इसके बाद अगर उसका नाम आयुष्मान की सूची में होगा तो वहीं पर आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन कराया जाएगा। इसके अलावा इलाकाई पुलिस और धर्मगुरुओं की मदद से भी लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सकें।
वैक्सीनेशन के लिए माइक्रो प्लॉन तैयार किया जा रहा है। इसके तहत टीम राशन की दुकानों पर मौजूद रहेगी। लाभार्थी को टीका लगाने के साथ ही उसका आयुष्मान कार्ड भी बनवाया जाएगा। साथ ही पुलिस व धर्मगुओं की मदद से लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। - डॉ. अजय कुमार तिवारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, बलिया