बैरिया। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग टिकट के चलते यात्रियों को परेशानी हो सकती है। विशेषकर उन लोगों को जो होली का त्योहार अपने घरवालों के साथ मनाना चाहते हैं। एसी कोच से लेकर स्लीपर तक किसी भी श्रेणी में उन्हें कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। इस बार 28 मार्च को होलिका दहन और 29 मार्च को होली है। मुंबई, दिल्ली और सूरत से आने वाली ट्रेनों में तो किसी भी श्रेणी में टिकट नहीं मिल रहा है।
वैसे हर साल होली पर अपने घर लौटने वालों की भीड़ बढ़ जाती है। इसलिए मुंबई और दिल्ली की ओर से घर लौटने वाले लोगों को परेशानी होती है। इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल होता है। दिल्ली से बलिया और सुरेमनपुर आने वाली सद्भावना एक्सप्रेस में 20 मार्च से 23 मार्च तक आरएसी चल रहा है। 24 मार्च से 27 मार्च तक इस ट्रेन में 38 से 70 वेटिंग चल रहा है। वहीं, स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट में 20 से 27 मार्च तक 2 एस श्रेणी से लेकर थर्ड एसी तक वेटिंग टिकट मिल रहा है। लुधियाना से सुरेमनपुर तक सरयू यमुना एक्सप्रेस में 20 से 27 मार्च तक 2 एस से लेकर एसी तक 105 वेटिंग की स्थिति है। अहमदाबाद से सुरेमनपुर तक साबरमती एक्सप्रेस में 2 एस बोगी से एसी तक 110 वेटिंग चल रहा है। मुंबई से सुरेमनपुर तक यात्रा के लिए पवन एक्सप्रेस में 2एस श्रेणी में नो रूम की स्थिति है। स्लीपर से एसी तक में 158 वेटिंग चल रहा है। कोलकाता से सुरेमनपुर बलिया तक यात्रा के लिए 20 से 24 मार्च तक आरएसी और 25 से 27 मार्च तक वेटिंग चल रहा है। छत्तीसगढ़ से सुरेमनपुर तक दुर्ग एक्सप्रेस में फिलहाल सीटें उपलब्ध हैं।
कोट
होली पर डाउन ट्रेनों में 20 मार्च से 27 मार्च तक कि स्थिति खराब है। पर्व पर आने वाले यात्री समय रहते टिकट आरक्षित करवा लें। - विश्वजीत गांगुली, वाणिज्य अधीक्षक, सुरेमनपुर