बलिया/ पूर। पकड़ी थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस पर लगातार दूसरे सप्ताह कोई फरियादी नहीं पहुंचा। समाधान दिवस में सुबह से मौजूद थाना प्रभारी लालमणि सरोज ने बताया कि कोई फरियाद दिनभर में शिकायत लेकर नहीं आया। हालांकि शिकायतों का समय पर निपटारा किया जाता है।
जिले के 22 थानाें पर आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान 50 प्रार्थना पत्र आए। राजस्व व पुलिस ने 10 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम का गठन कर मौके पर जाकर निस्तारण का निर्देश दिए ।
बैरिया: तहसीलदार मनोज कुमार राय व सीओ फहीम कुरैसी की मौजूदगी में थाना समाधान दिवस में छह मामले आए। सभी मामले भूमि विवाद से संबंधित थे। मौके पर तीन मामलों का निपटारा किया गया। वरमेश्वर प्रजापति निवासी भीखा छपरा ने ग्रामसभा की जमीन से अवैध कब्जे को हटाने की शिकायत की। कोटवा गांव निवासी डॉक्टर सुनील कुमार सिंह ने भूमि विवाद की शिकायत की।
मामले का निपटारा कराया गया। वहीं, दया छपरा निवासी राम साहू व मिश्र के मठिया निवासी उमाशंकर गोंड़ ने अपना-अपना भूमि विवाद का प्रकरण तहसीलदार के समक्ष रखा। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया, उप निरीक्षक प्रभाकर शुक्ला, उप निरीक्षक शशांक पांडे के अलावा राजस्व निरीक्षक व क्षेत्रीय लेखपाल मौजूद रहे।
रसड़ा : उपजिलाधिकारी रवि कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में 11 मामले प्रस्तुत हुए। पांच मामलों का निपटारा कराया गया। राजस्व के सात एवं पुलिस के चार मामलों में से राजस्व के दो एवं पुलिस के तीन मामलों का निपटारा हुआ। इस मौके पर सिटी इंचार्ज राज केशर सिंह, राहुल राय आदि पुलिस अधिकारी एवं राजस्व कर्मी मौजूद रहे।
चितबड़ागांव : थानाध्यक्ष दिनेश पाठक के सामने तीन मामलों की शिकायतें दर्ज हुई। तीनों मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजा गया।
बेल्थरारोड : उभांव थाने में पांच प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। चार राजस्व व एक पुलिस विभाग से संबंधित रहे। एक प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया गया। नगरा थाने में थानाध्यक्ष अजय त्रिपाठी के समक्ष एक मामला आया।
भीमपुरा : एसडीएम शरद चौधरी ने समस्याएं सुनीं। पांच मामले राजस्व विभाग से संबंधित आए। एसडीएम ने तत्काल हल्का लेखपाल कानूनगो को मौके पर जाकर निस्तारण के निर्देश दिए।