बलिया। मनियर नगर पंचायत की ईओ मणि मंजरी राय के परिजन मौत के 12 दिन बीत जाने के बाद भी वाहन चालक को छोड़ किसी अन्य की गिरफ्तारी न होने से बेहद नाराज हैं। परिजनों ने कहा कि इस मामले की सीबीआई से जांच के लिए मांग की गई है। अगर आवश्यकता पड़ी तो आगे की भी कार्रवाई करेंगे। बताया कि कल बहन की तेरही है।
ईओ मणि मंजरी के भाई विजयानन्द राय ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि पुलिस ने अब तक की कार्रवाई पर संतोषजनक कार्य नहीं किया है। कहा कि घटना के दिन ही पुलिस इस मामले में गम्भीर व संवेदनशील नजर नहीं दिखी। बताया कि अब तक पुलिस ने केवल चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि शेष आरोपी अब भी घूम रहे है और बचने के लिए दावपेंच चल रहे है। कहा कि हम लोग इस मामले की सीबीआई से जांच की मांग किया है। उन्होंने दो दिन पहले जिलाधिकारी को जांच को लेकर अपना लिखित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है। बताया कि जिलाधिकारी ने निष्पक्ष जांच का अवश्य भरोसा दिलाया है, लेकिन आरोपी शासित दल से जुड़े व धन बल से रसूखदार हैं। ऐसे में उनके परिवार को सीबीआई जांच से ही न्याय मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता एक अन्य आरोपी अखिलेश के साथ बाइक पर नगर पंचायत की फ़ाइल लेते जाता स्पष्ट दिखाई दे रहा है । पुलिस ने आज तक नगर पंचायत के रिकार्ड को नही खंगाला। पुलिस अब तक इस घटना में वाहन चालक चंदन के जरिये तरह तरह की कहानी गढ़ रही है, जो अपना बयान बार बार अलग अलग दे रहा है। पुलिस मामले को लेकर गम्भीर रहती तो सभी आरोपी अब तक कानून के शिकंजे में रहते। उन्होंने बताया कि सीबीआई जांच के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, अजय राय आदि जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। मामले से जुड़े तथ्यों की सीडीआर खंगालने व अन्य सम्बंधित लोगों से पूछताछ के जरिये मामले की गुत्थी सुलझाने में पुलिस नाकामयाब रही है।