विकास भवन में तीन दिनों से बिजली नहीं होने की वजह से दर्जनों कार्यालयों में काम प्रभावित है। बिजली के अभाव में कंप्यूटर शोपीस बन गए हैं। ऐसे में जिले का विकास कार्य अवरुद्ध हो गया है।
तीन दिन पहले मंगलवार की रात को आई आंधी-बारिश से विकास भवन का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। इससे विकास भवन की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विकास भवन में स्थापित दर्जनों विभाग जिला समाज कल्याण, विकलांग कल्याण, डीडीओ कार्यालय, सीडीओ कार्यालय, पशुपालन आदि की बिजली गुल हो गई।
बिना बिजली कंप्यूटर शोपीस बने हुए हैं। इससे ऑनलाइन योजनाओं के कार्य लगभग ठप से पड़ गये हैं। कर्मचारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। जिन विभागों में मैनुअल काम की व्यवस्था है वहां भी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। क्योंकि भीषण गर्मी में बगैर पंखा व कूलर काम करने में कर्मचारी बेहाल रहे। कर्मचारी दिनभर पसीना पोंछते रह जा रहे हैं। वहीं कार्यालयों में उमड़ रही भीड़ से भी लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
इससे सबसे ज्यादा जिला समाज कल्याण व विकलांग कल्याण विभाग प्रभावित हुआ है। कंप्यूटर बंद होने से लोगों को योजनाओं की जानकारी नहीं हो पा रही है। अधिकारी पहुंचे लोगों को बिजली आने के बाद आने की बात कहते रहे। क्योंकि योजनाओं की डेटा कंप्यूटरों में बंद है। इस बाबत बिजली विभाग के एक्सईएन ब्रजेश कुमार ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर लग जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों को निर्देशित कर दिया गया है।