जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएस ने गुरुवार को राशन से जुड़े विभागों के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। साथ ही राशन कार्डों की फीडिंग और सत्यापन कार्य में धीमी प्रगति पर समस्त बीडीओ को भी कड़े निर्देश दिये। सबसे ज्याद फटकार बैरिया और मुरली छपरा के बीडीओ को लगायी।
जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, त्रिस्तरीय चेकिंग व्यवस्था सहित कई बिंदुओं पर गुरुवार को समीक्षा बैठक कर रहे थे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि गोदामों से आमद, स्टाक व निर्गमन नियमानुसार ही हो। त्रिस्तरीय सत्यापन व्यवस्था को भी सही ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।
कहा कि अगर किसी दुकान पर कोई लापरवाही सामने आती है तो वहां से पर्यवेक्षणीय अधिकारी पर भी कार्रवाई के लिए सम्बन्धित विभाग को पत्र लिखा जाए। पर्यवेक्षणीय अधिकारी वितरण तिथि के दिन दूकान पर अवश्य रहें। जिलाधिकारी ने दूकान नियुक्ति के बाबत भी जिला पूर्ति अधिकारी से आवश्यक जानकारी ली। रिक्त दूकानों या नई ग्राम सभाओं में रिक्त दूकानों के आवंटन के लिए 11 नवम्बर को गांवों में खुली बैठक कर प्रस्ताव बनवा दिया जाए।
यह भी निर्देश दिया कि अनियमितता मिलने पर अगर किसी दूकान का निलंबन होता है तो साथ में दूकानदार पर एफआईआर भी कराया जाए। आपूर्ति शाखा प्रवर्तन कार्य में तेजी बनाये रखें। बैठक में आईजीआरएस और तहसील दिवस पर लम्बित मामलों को भी तत्काल निस्तारित करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी एसडीएम, बीडीओ सहित राशन से जुड़े विभाग मौजूद रहे।