बलिया। सर्दी हो या अन्य कोई भी मौसम, ग्रामीण क्षेत्रों में मुसाफिरों और दर्शनार्थियों को रुकने में कोई समस्या नहीं होगी। जिला पंचायत की ओर से जनपद के 10 स्थानों पर 1.38 करोड़ की लागत से रैन बसेरों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर आदि कर दिए गए हैं। जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। अधिकतर रैन बसेरों का निर्माण धार्मिक स्थलों के पास कराया जा रहा है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
जिला पंचायत की ओर से कई विकास कार्यों की कार्ययोजना बनाई गई है। इसमें लगभग 70 करोड़ की लागत से सड़कों और सीसी रोड बनाई जानी है। इसके लिए भी टेंडर पहले ही हो चुका है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले मुसाफिरों और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचे श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को होने वाली समस्या को ध्यान में रखते हुए रैन बसेरों के निर्माण का फैसला लिया गया है। ठंड और बरसात के मौसम में उक्त लोगों के अलावा आवासहीन गरीबों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शहरी क्षेत्रों में तो ऐसे लोगों के लिए नगर निकायों की ओर से व्यवस्था कर दी जाती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में खुले में जीवन गुजारने वाले, रिक्शा चालकों और बाहर से आने वाले लोगों को रात के समय ठंड से बचाने के लिए प्रबंध कम होते हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। इसे ध्यान में रखकर रैनबसेरों के निर्माण पर जोर दिया गया है। बनने के बाद रैन बसेरों में रहने लायक सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इन स्थानों पर बनेंगे रैन बसेरे
बलिया। कपुरी में 14.98 लाख, पिपरा कला में 9.66 लाख, मिड्ढा में कुटी पर 10.98 लाख, सोहांव ब्लाक के कोटा गांव में काली मां के स्थान के पास 10.65 लाख, गड़वार में मल्टीस्टोरी 14.45, फिरोजपुर में करनादाई स्थान के पास 10.71 लाख, अमडरिया आंगनबाड़ी केंद्र के बगल में 9.66 लाख, ग्राम सभा चंदुकी के मौजा कोदई में नहर पुलिया के पास 10.71 लाख, आराजी मुतखीपुर स्थित हनुमान मंदिर के बगल में 10.65 लाख, खनवर खाकी बाबा स्थान के पास 35.69 लाख की लागत से रैन बसेरों का निर्माण किया जाएगा। खनवर में खाकी बाबा स्थान पर पहले से ही पर्यटन विभाग की ओर से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
सीएचसी और पीएचसी पर भी कराया जाएगा कार्य
बलिया। जिला पंचायत की ओर से सड़कों और रैन बसेरों के साथ ही सीएचसी और पीएचसी पर भी व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कुछ कार्य कराए जाएंगे। इसमें सोहांव ब्लाक के स्वास्थ्य केंद्र नरही पर जीर्णोद्धार के लिए 18.50 लाख की धनराशि खर्च की जाएगी। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी पर 4.95 लाख की लागत से मरम्मत और रंगाई-पुताई का कार्य कराया जाएगा।
जिला पंचायत की ओर से 10 स्थानों पर रैनबसेरों का निर्माण कराया जाएगा। इससे मुसाफिरों और दर्शनार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही कुछ सीएचसी और पीएचसी पर भी कार्य कराया जाएगा। - रमेश सिंह, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत