सावन के शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर कामेश्वरधाम कारो से बलिया के लिए लोहिया बस सेवा का शुभारंभ हो गया। इससे निकट के दर्जनभर गांव के लोग लाभ उठा सकेंगे। पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चन करने के बाद कामेश्वर एक्सप्रेस बस पर नारियल फोड़कर हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ कराया।
बस में बैठकर चितबड़ाग ांव तक आए भी। इस बस सेवा की मांग लंबे समय से ग्रामीण करते आ रहे थे, जिसकी सफलता रविवार को पूरी हो गई। बस सेवा शुरू होने से कारो, मर्ची, महरेव, हसाईपुर, बसुदेवा, धर्मापुर, दुजायत, चितबड़ागांव, बीवीपुर, नगवां, अख्तियारपुर, पलिगरा आदि गांव के लोग इस बस की सुविधा का लाभ अब उठा पाएंगे। वहीं शिवभक्त भी लोहिया ग्रामीण बस सेवा से कामेश्वरधाम पहुंचसकते हैं।
बस सुबह कामेश्वरधाम से आठ बजे खुलेगी और बलिया से शाम पांच बजे कामेश्वरधाम के लिए प्रस्थान करेगी। अंबिका चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि सुदूर ग्रामीण इलाकों को भी रोडवेज बस से जोड़ा जाए। मंत्री शैलेश चौधरी पप्पू, राज मंगल यादव, रामेश्वर चौधरी, जनार्दन, केशरीनंदन त्रिपाठी, प्रदीप गुप्त, ओमप्रकाश पाल, सुधीर यादव, अजय, हरिनारायण, कृपाशंकर आदि मौजूद रहे।