नर्तकी की बुकिंग करने के दौरान दो लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद खौफनाक अंजाम तक जा पहुंचा। मारपीट और चाकूबाजी में एक की मौत हो गई जबकि दो लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। घटना यूपी के बलिया जिले की है। रसड़ा क्षेत्र के सिंगही चट्टी स्थित मंदिर के समीप शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे दो पक्षों के बीच मारपीट के साथ चाकूबाजी हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक और शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया घायल युवक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
पढ़ेंः मंच से 11 हजार की घोषणा कर दिए एक हजार, आयोजकों ने विधायक से वापस लिया सम्मान, रुपए भी लौटाए
मेले से लौटाने के दौरान की घटना
महराजपुर निवासी मंयक चौहान (25) पुत्र रामजी चौहान शुक्रवार रात को मेला देखकर बाइक से लौट रहा था। उसने पुलिस को बताया कि बाइक सवार चार युवक कोतवाली क्षेत्र के महाराजपुर निवासी देवेंद्र चौहान (35) पुत्र रामपति, सुनील (25) पुत्र जोगिंदर को सिंगही चट्टी काली मंदिर के समीप बेल्ट और चाकू से हमला कर रहे थे।
बाइक को मौके पर छोड़कर भागे आरोपी
वह लड़के को छुड़ाने के लिए पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी एक बाइक को मौके पर छोड़कर भाग निकले। मारपीट और चाकूबाजी के दौरान तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल लाया गया।
इलाज के दौरान देवेंद्र की हालत गंभीर होने चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। वाराणसी जाते समय उसने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। घायल मंयक की तहरीर पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
ये है पूरा मामला
सिंगही चट्टी स्थित मंदिर के समीप एक नर्तकी रहती है। हमला करने वाले चारों युवक छितौनी गांव के रहने वाले हैं। चारों युवक 18 अक्तूबर को जन्मदिन कार्यक्रम के लिए नर्तकी की बुकिंग करने गए थे। मृतक देवेंद्र और सुनील वहां पहले से मौजूद थे। बीच में बोलने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी।
नर्तकी ने दोनों को बाहर निकाल दिया था। चारों युवक बाहर निकलने पर फिर आपस में भिड़ गए। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि बाइक के आधार पर चारों आरोपी चिह्नित हो गए हैं। मारपीट दोनों गुट की ओर से हुई है। दूसरे पक्ष के भी लोग घायल हैं। दो आरोपियों प्रेम यादव पुत्र राजेंद्र, अमरनाथ यादव पुत्र प्रहलाद निवासी छितौनी को गिरफ्तार कर लिया गया है।