बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले में शनिवार को गुनगुनी धूप के बीच लोगों ने जमकर खरीदारी की। हालांकि शाम को ठंड बढ़ने से भीड़ कम रही। हैंडीक्राफ्ट और बांस से बने उत्पादों की मांग खूब रही। मेले से नगर पालिका को शुक्रवार तक 55 लाख 44 हजार नौ सौ रुपये की आय हुई है।
हैंडीक्राफ्ट का सामान लेकर सहारनपुर से आए अनश बताते हैं कि शुरुआती दिनों में ग्राहकों की आवक कम रही, लेकिन जैसे-जैसे मेला समापन की ओर बढ़ रहा है लोगों के आने सिलसिला भी बढ़ रहा है। बताया कि मेले में आने वाले लोग हैंडीक्राफ्ट के सामान की खूब खरीद कर रहे हैं। आसाम से बांस के उत्पाद लेकर मेले में आए रफीकउल इस्लाम ने बताया कि मेले में आने वाले लोग बांस से बने सामान की खरीद को तव्वजो दे रहे हैं।
ठंड को देखते हुए मेले में दुकानदार ने भी सामानों की खूब वैरायटी उतारी है। मांग के हिसाब से मेले में सामान भी मंगा रहे हैं। मेले में आने वालों लोगों खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मीना बाजार थाना प्रभारी अमरजीत यादव लगातार गश्त करते रहे। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी मेला के अति संवेदनशील स्थानों की पुलिस निगरानी कर रही है।
000
15 तक हो सकता है मेला विस्तार
जिला प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ददरी मेला का विस्तार 15 दिसंबर तक हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि परिवहन मंत्री की मंशा है कि ददरी मेले के समापन के अवसर पर भोजपुरी के एक नामचीन अभिनेता व गायक कार्यक्रम आयोजित हो। इसके लिए बातचीत भी पूरी हो गई है। इसी के चलते मेले के समापन की तिथि विस्तारित की जा रही है। उसके बाद संत समागम के साथ ही ददरी मेले के औपचारिक समापन की घोषणा की जाएगी।
000
इन मदों में हुई आय: नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि शुक्रवार तक ददरी मेले से नपा को 55 लाख 44 हजार 900 रुपये की आय हुई है। इसमें मीना बाजार पश्चिमी से 1884000, उतरी से 1143500, मध्य दक्षिणी से 1307750 और मध्य उत्तरी से 856500 रुपये की आय हुई है। इसके अलावा तहबाजारी से 333650 और पूर्व में हुए घोड़ों के पंजीकरण से 19500 रुपये मिले हैं।
000
-