मनियर थाना के सामने खड़ी बम निरोधक टीम की वाहन।संवाद
मनियर । बांसडीह मार्ग स्थित गंगापुर गांव के पुराने ईंट भट्ठे के पास गड्ढे में मछली मारने के दौरान मिले मोर्टार बम को बाराबंकी बीडीएस की आठ सदस्यीय टीम व आजमगढ़ के बम निरोधक दस्ते ने सरयू नदी के रिगवन छावनी के पास निष्क्रिय किया। चार घंटे तक बम को निष्क्रिय करने की प्रकिया चलती रही। इस दौरान ग्रामीणों में उत्सुकता बनी रही, लेकिन नदी तट की तरफ किसी को जाने नहीं दिया गया।
मनियर कस्बा निवासी राकेश गुप्ता गंगापुर गांव स्थित पुराने ईंट भट्ठे के पास की जमीन की बाउंड्री करवाने के लिए गड्ढे नुमा जमीन से पानी निकलवा रहे थे। कीचड़ में गांव के लड़के मछली खोज रहे थे। उसी दौरान एक लड़के को मोर्टार बम मिला। वह लोहे का सामान जान कर साथियों के साथ उसे बेचने किसी दुकान पर गया, लेकिन उसने लौटा दिया। लड़कों ने मोर्टार को तोड़ने का प्रयास किया, जिसे गांव के किसी ने देखा और बम होने की बात कह कर पुलिस को फोन किया। इसके बाद लड़के मोर्टार को उसी स्थान पर रख कर भाग गए। थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मोर्टार बम को निष्क्रिय कर दिया गया है। जांच में पाया गया है कि यह एल्यूमिनेशन प्रकाश फैलाने वाला मोर्टार था।