बलिया। अब तक राशन लेने के लिए झोला लेकर जाने वाले जिले के कार्डधारकों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने कार्डधारकों की समस्या का स्थाई समाधान करते हुए राशन के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की तस्वीर लगा झोला फ्री में देने का निर्णय किया है। खाद्य और रसद आयुक्त मनीष चौहान और सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल द्वारा प्रेषित इस आशय का पत्र सोमवार को जिलाधिकारी अदिति सिंह के पास पहुंच गया।
बता दें कि जिले में कुल पांच लाख 86 हजार 917 राशन कार्डधारक है, जिनमें एक लाख एक हजार 648 अन्त्योदय और चार लाख 85 हजार 269 पात्र गृहस्थी के कार्डधारक है। इनकों अब सरकारी झोले में अनाज वितरण की सुविधा मिलेगी। हालांकि अभी शासन द्वारा जिले में झोलें की आपूर्ति नहीं की गई है। बता दें कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सरकार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लगा बैग कार्डधारकों में नि:शुल्क बांटने की योजना है। अभी तक लाभार्थी परिवारों को स्वयं के थैले में राशन लेकर जाना पड़ता था।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बंटेगा बैग में राशन
सूचना विभाग अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने जिलाधिकारी को पीएम मोदी और सीएम योगी की तस्वीर लगे इन बैग में राशन वितरित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रत्येक सरकारी राशन की दुकान से जिले के प्रभारी मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक की उपस्थिति में प्रत्येक लाभार्थी को बैग वितरित करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम करेंगी निगरानी
शासन की महत्वाकांक्षी बैग में राशन वितरण करने की योजना का स्वयं जिलाधिकारी निगरानी करेंगी। इस बाबत खाद्य और रसद विभाग के आयुक्त मनीष चौहान ने पत्र लिखकर डीएम को निर्देश किया है। साथ ही योजना के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी नामित करने का निर्देश भी दिया है, जो सूचना विभाग, खाद्य और रसद विभाग और कोटेदारों के मध्य तालमेल बनाने का काम करेगा।