बलिया। राज्य मंत्री आनंद स्वरुप शुक्ल ने रविवार को महावीर घाट गोलीकांड में मृतक टकरसन निवासी राजेश सिंह मिंटू के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। मिंटू सिंह की पत्नी व नाबालिग बच्चों से मिलकर उनके बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास करने व दुस्साहस करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
राज्यमंत्री ने कहा कि मिंटू एक सामाजिक एवं संवेदनशील व्यक्ति थे, उनकी हत्या ने लाखों लोगों को कष्ट पहुंचाया है। कहा कि मिंटू सिंह की हत्या की साजिश रचने व हत्या करने का दुस्साहस करने वाले अपराधियों के विरुद्ध पुलिस निरंतर सक्रिय बनी हुई है। अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कठोर कार्रवाई होगी, जिससे वह और उसकी आने वाली पीढ़ियों की रूह कांप उठेगी। राज्यमंत्री ने अपराधियों को चेताते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के राज में अपराधियों की जिंदगी जेल में सड़ेगी या तो परलोक पहुंचा दिया जाएगा। राज्यमंत्री शुक्ल ने गोलीकाण्ड में घायल शुभ नारायण वर्मा (भीम मिस्त्री) के घर जाकर भी उनका कुशलक्षेम लिया व उनके इलाज की समुचित व्यवस्था कराया।