कोतवाली में नाबालिक युवक को छुड़ाने के लिए पहुंचे राज्यमंत्री आनंदस्वरूप शुक्ल।
- फोटो : BALLIA
बलिया। रेलवे स्टेशन के पास शनिवार की रात नमकीन का पैसा नहीं देने पर दो युवकों का नाबालिग दुकानदार के विवाद हुआ था। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों और दुकानदार को पकड़ा था। इसकी जानकारी होने पर जिले के प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने रविवार को कोतवाली पहुंच कर नाबालिग दुकानदार को छुड़वाया।
कोतवाली क्षेत्र के सतनी सराय निवासी अनिल बरनवाल रेलवे स्टेशन के पास पेठा- नमकीन की दुकान लगाता है। कुछ दिनों से अनिल की तबियत खराब है। इसकी वजह से उसका 12 वर्षीय पुत्र बादल दुकान पर बैठने लगा। शनिवार की रात करीब आठ बजे दो युवक दुकान पर पहुंचे और नमकीन खरीदकर वहीं शराब पीने लगे। दोनों बिना पैसा दिए जाने लगे तो बादल ने पैसे मांगे। इस बात को लेकर दोनों युवकों हंगामा किया। यह देख स्टेशन पर मौजूद अन्य दुकानदारों ने दोनों शराबियों की धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिना किसी छानबीन के दोनों शराबियों के साथ नाबालिग दुकानदार बादल को लेकर कोतवाली चली गई। जानकारी होते ही प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल रविवार सुबह कोतवाली पहुंचे और नाबालिग दुकानदार बादल को छुड़वाया। उन्होंने कोतवाल को निर्देश दिया कि दोषी शराबियों के साथ ही एकपक्षीय कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।