बलिया। वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना संकट से जनपदवासियों को उबारने के लिए प्रदेश के संसदीय कार्य व ग्राम्य विकास मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने मख्यमंत्री आपदा राहत कोष में एक करोड़ देने की घोषणा की है। जिसके तहत जिला अस्पताल में पांच वेंटिलेटर, दो पार्टेबुल वेंटिलेटर, मास्क, सेनेटाइजर, स्क्रीनिंग मशीन,कोरोना जांच कीट के अलावा स्वास्थ्य कर्मियों के लिए कोरोना से बचाव को ड्रेस खरीदने की अनुसंशा की है। इस बाबत मुख्य विकास अधिकारी को पत्र लिख कर मंत्री आवश्यक कार्रवाई करने की बात कहीं है। साथ ही उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिख कर अपना एक माह का वेतन मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में देने की घोषणा करते हुए विधायक निधि के नियमों को शिथिल करने का अनुरोध किया है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश विधान सभा में प्रतिपक्ष एवं बांसडीह विधान सभा क्षेत्र के विधायक राम गोविन्द चौधरी ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र लिख कर स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से बीस लाख रुपये कोरोना वायरस से बचाव के उपकरण जैसे मास्क, सेनेटाइजर आदि अन्य आवश्यक सामग्री के लिए देने का प्रस्ताव किया है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि आवश्यकता होने पर भविष्य में भी निधि के अलावा अन्य स्रोतों से भी जिला प्रशासन की मदद की जायेगी।