विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए बलिया पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर और बसपा प्रमुख मायावती पर निशाना साधा। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बलिया के प्रभारी मंत्री ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर झूठ और फरेब की राजनीति करते हैं। सस्ती लोकप्रियता के लिए अनाप-शनाप बयान देते रहते हैं।
अभी कुछ दिनों पहले आम आदमी पार्टी और एआईएमआईएम से गठबंधन की बात कर रहे थे। बाद में आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने ट्वीट कर इसका खंडन किया। उन्होंने कहा कि झूठा प्रचार करके सस्ती लोकप्रियता हासिल की जा रही है। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन औवैसी की दोस्ती पर अनिल राजभर ने तंज कसा और इसे ओपी राजभर का राजनीतिक स्वार्थ करार दिया।
वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें न धरती का पता है न आसमान का। न जनता की समस्याओं पर कभी संघर्ष किया और न किसानों की बात करती हैं। बंद कमरे में एसी में बैठकर ट्विटर और सोशल मीडिया पर राजनीति करती हैं। ये ऐसे नेता अपनी राजनीति बचाने के लिए अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं।
आगरा में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने पर कहा कि भाजपा की सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये माफ करती है। वहीं जब सपा की सरकार बनती है तो वो आतंकवादियों का मुकदमा वापस लेने का फैसला करते हैं। यही भाजपा और सपा में यह सबसे बड़ा फर्क है।