पूर। विकासखंड पंदह अंतर्गत एकईल गांव में वर्ष 2020 में स्वीकृत मिनी स्टेडियम का निर्माण पांच साल से अधूरा पड़ा है। शासन से 32 लाख रुपये की स्वीकृति के बावजूद आज भी वहां सिर्फ ईंट, बालू और लगभग तीन फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल नजर आती है। अधूरे निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
करीब एक एकड़ भूमि पर मिनी स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित था। निर्माण कार्य की धीमी गति और लापरवाही को लेकर राज युवा कल्याण परिषद के सदस्य संतोष श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित मुख्य विकास अधिकारी और जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए तत्कालीन मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज और खंड विकास अधिकारी ने 7 जुलाई को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कागजी कार्यवाही कर शिकायत का निस्तारण दिखा दिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता है, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में जब एडीओ कोऑपरेटिव सूर्यनाथ यादव से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि चारों ओर पाथवे की बाउंड्री बन गई है। गिट्टी भी डल चुकी है। ईंट की आपूर्ति पहले ही हो चुकी है। अब किसी प्रकार की देरी नहीं होगी और शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा।