नगर के टाउन हॉल के मैदान में सामाजिक भाईचारा महासम्मेलन का आयोजन सोमवार को किया गया। जिसमें वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को गलत ठहराया। कहा कि पार्टी से बेटा-बाप को निकाल रहा है। वहीं केंद्र के नोटबंदी से पूरा देश प्रभावित हुआ है। मुगल काल में ही ऐसा होता था कि बाप को बंदी बनाकर बेटा राजा बन जाता था।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर ने कहा कि जब बसपा की सरकार में राजभर समाज के लोगों को न्याय मिला है। इसके पूर्ववर्ती सरकारों ने हेय दृष्टि से देखा है। राजभर ने कहा कि पिछड़ों को मान सम्मान देने के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती ने 403 विधायकों का नेतृत्व करने के लिए मुझे विधानसभा में सबसे ऊंची कुर्सी पर बैठाकर पिछड़े वर्ग का सम्मान किया है।
पूर्व एमएलसी एवं प्रदेश महासचिव वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि जब देश में बहुजन समाज की पार्टी स्थापना नहीं हुई थी तब दलितों, पिछड़ों की आर्थिक, समाजिक और राजनीतिक स्थिति बहुत ही दयनीय रही। बसपा के संस्थापक कांशीराम ने दलित, पिछड़ों को एक बैनर के नीचे लाकर उनका मान, सम्मान बढ़ाया है।
मुख्य जोन कोआर्डिनेटर डा. मदन राम ने कहा कि बसपा की सरकार में दलितों पिछड़ों के साथ सर्व समाज के गरीबों का आर्थिक एवं समाजिक विकास हुआ है। विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा कि जिस तरह से सर्वसमाज को समायोजित कर मायावती ने सम्मान किया वह किसी अन्य पार्टी ने नहीं किया है।
इस मौके पर पूर्वमंत्री घूरा राम, शिवशंकर चौहान, अभिराम सिंह दारा , जवाहर प्रसाद वर्मा, राजनारायण यादव, रामजी गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने भाजपा के नोटबंदी को गलत कदम बताते हुए अपने पक्ष में लोगों को लामबंद किया। इस सम्मेलन में मुख्य रूप से करूणाकांत मौर्य, जिलाध्यक्ष संतोष राम, हरेंद्र राम, संजय चौहान, संजय यादव, डा. सैयद शोएबुल इस्लाम, इंदल राम, ओमप्रकाश भारती, चंद्रभान राजभर, सत्येंद्र राजभर, रणजीत कुमार भारती, दिनेश चौहान आदि लोग मौजूद रहे।