मनीष गुप्ता हत्याकांड मामले में आरोपी दारोगा अक्षय मिश्रा के पैतृक गांव बलिया जिले के नरही थाना के कोट मझरिया में सात अक्टूबर की रात गोरखपुर व बलिया की संयुक्त पुलिस टीम ने छापा मारा। लेकिन उसके मकान पर कोई मिला नहीं, बल्कि ताला लटका हुआ मिला।
पड़ोसियों ने पूछताछ में बताया कि अक्षय मिश्रा दो महीने पहले आया था। इस दौरान किसी से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। मीडिया के माध्यम से उसके ऊपर 25 हजार का ईनाम घोषित होने की जानकारी हम लोगों को हुई। अक्षय ने बाराबंकी में अपना आवास बनवा लिया है।
पड़ोसियों ने बताया कि अक्षय यहां रहता नहीं है। इसके बाद गोरखपुर पुलिस वापस लौट गई। इस बाबत नरही थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर की पुलिस सात अक्तूबर को आई थी, लेकिन कोई मिला नहीं। घर पर ताला लटका हुआ था।