बलिया। वरासत दर्ज करने के लिए सुविधा शुल्क की मांग करना सदर तहसील के गोविंदपुर खास के लेखपाल दिवाकर वर्मा को महंगा पड़ गया। पीड़िता की शिकायत पर उपजिलाधिकारी सदर राजेश यादव ने शनिवार को लेखपाल को निलंबित कर दिया।
सुविधा शुल्क मांगने का वीडियो मिलने के बाद लेखपाल को निलंबित करते हुए विभागीय जांच के लिए तहसीलदार सदर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। एसडीएम राजेश यादव ने बताया कि सुविधा शुल्क मांगने का वीडियो प्राप्त होने के बाद उसकी जांच नायब तहसीलदार, गड़वार से जांच कराई गई। जांच में यह वीडियो सही पाया गया। नायब तहसीलदार की रिपोर्ट मिलने के बाद शनिवार को लेखपाल दिवाकर वर्मा को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनको रजिस्टार कानूनगो सदर तहसील कार्यालय में संबद्ध किया गया है।