रेवती। लघु डाल नहर गाजीपुर के आधीन क्षेत्र के दतहां ग्राम सभा में बनने वाले तीलापुर-दतहां भूमिगत पंप कैनाल परियोजना का बुधवार को बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में यह ऐतिहासिक कार्य होने जा रहा है। पंप कैनाल के माध्यम से 14 गांवों के हजारों किसान लाभान्वित होंगे।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश तथा प्रदेश में जो विकास कार्य हो रहे हैं, उसका सीधा लाभ आम जनता को प्राप्त हो रहा है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि 30.63 करोड़ों की लागत से बनने वाले पंप कैनाल के लिए दो बीघा जमीन अधिग्रहित की जा चुकी है। उक्त भूमि पर विभागीय आफिस, बिजली जंक्शन आदि बनाया जाएगा। बिजली विभाग को दिए जाने वाले पांच में तीन करोड़ निर्गत किया जा चुके है। 17.8 किलोमीटर लंबे पंप कैनाल में 4.5 किलोमीटर मुख्य नहर तथा शेष में चार माइनर नहर लगाए जाने की योजना है। यह पंप कैनाल उत्तर प्रदेश का पहला पूर्ण रूप से भूमिगत पंप कैनाल होगा। विभागीय अधिकारियों ने ड्रोन कैमरे की मदद से जल स्तर को परखा। इस मौके पर चंद्रशेखर भारती, रामाशंकर सिंह, पूर्व प्रधान मनोज यादव, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि बबलू यादव, मंजीत उपाध्याय, परमेश्वर वर्मा, तल्लू सिंह, श्रीभगवान, संतोष सिंह आदि मौजूद रहे।