बलिया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा की ओ से सोमवार को टाउन हाल स्थित बापू भवन में क्षत्रिय महासंगम का आयोजन किया गया। इसमें पूरे जनपद के सभी क्षत्रिय संगठनों ने भाग लिया और एकता का प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह क्षत्रिय समाज एकजुट हुआ है, अवश्य ही आने वाले समय में इतिहास बनाने का काम करेगा।
आयोजक रमेश सिंह और प्रवक्ता चंद्रकेश सिंह की ओर से संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई। शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्य अतिथि नीलू सिंह प्रदेश सचिव ने की। मुख्य अतिथि ने कहा कि क्षत्रिय समाज का एकजुट होना जरूरी है। रमेश सिंह ने कहा कि अब क्षत्रिय समाज जाग चुका है और अपनी मांगों को पूरा कराकर ही दम लेगा। चंद्रकेश ने कहा कि हमारी एकजुटता अवश्य रंग लाएगी। जब-जब हम एकजुट हुए हैं, इतिहास बना है। महिला विंग की नेत्री शीला सिंह ने जय श्रीराम के नारों से जोश भरा। कहा कि महिलाओं को कम करके आंका जा रहा है, जो भारी भूल है, इस सोच को दरकिनार करना होगा। उन्होंने जनपद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा एवं संग्रहालय तथा क्षत्रिय भवन की मांग के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है, सभी क्षत्रिय एकत्र हो जाएं। क्षत्रिय भारत महासभा के अनिल कुमार सिंह ने कहा कि सभी को समान रूप से देखना, उनके कष्ट में खड़े रहना और समाज में एक समान भाव बनाने के लिए प्रयत्न करना ही हमारा धर्म होना चाहिए। मृत्युंजय सिंह ने कहा कि आदिकाल से ही क्षत्रिय समाज सारथी और रक्षक रहा है। रजनीकांत सिंह ने कहा कि उज्ज्वल भविष्य के लिए हमें एक होना है और हर हालत में एक रहना है। नीलू सिंह, विक्रांत सिंह, अभय सिंह, आलोक सिंह, राजकुमार सिंह, संतोष सिंह, शेरू, पूर्व कुलपति डॉ. लल्लन सिंह, दिग्विजय सिंह, दिनेश सिंह, पीके सिंह, निर्भय सिंह, कौशल सिंह, डॉ. कृष्णा सिंह, भोला सिंह आदि रहे।