जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएस के निर्देश के क्रम में कृषि सूचना तंत्र का सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत विकास खंड बांसडीह के खेवसर प्राथमिक विद्यालय परिसर में कृषि निवेश मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री राम गोविंद चौधरी के प्रतिनिधि रणजीत चौधरी ने किया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को खेती से सम्बन्धित आवश्यक बातों की जानकारी दी।
कृषि विज्ञान केंद्र सोहांव के वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने रबी की फसलों की तैयारी के बाबत किसानों को बताया। कृषि रक्षा विशेषज्ञ गोपाल जी यादव ने किसानों को खरीफ की वर्तमान फसलों में लगने वाले रोग और कीट से फसलों की सुरक्षा के बारे में बताया गया। गोपाल जी ने किसानों को चूहा नियंत्रण का गुर भी सिखाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कृषि रक्षा अधिकारी संजेश कुमार श्रीवास्तव ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में कृषकों के लिए अनुमन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, बीजों पर अनुदान, यंत्रीकरण, कृषि रक्षा की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।